पुवायां / सिंधौली। सपा कार्यकर्ता महेश पाल के बेटे कुलदीप की हत्या का मामला सोमवार को दोपहर तक गर्माया रहा। परिजन हत्यारोपियों की गिरफ्तारी पर अडे़ थे। उनका कहना था कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही कुलदीप का अंतिम संस्कार किया जाएगा। इससे दोपहर तक कुलदीप की लाश घर में रखी रही। पुलिस के दो दिन में हत्या आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देने पर परिजन शांत हुए। दोपहर करीब डेढ़ बजे अंतिम संस्कार किया जा सका।
पुवायां इलाके के गांव नवादा सोनबरसा निवासी सपा कार्यकर्ता महेशपाल के 15 वर्षीय बेटे कुलदीप की 20 जून को लाठी से पीटकर हत्या कर दी गई थी। कुलदीप पड़ोस के सिंधौली थाना क्षेत्र के गांव बढ़ेला झाबर भैंस चराने गया था। शाम को घर लौटते समय रास्ते में गांव सिसैया के पास कुलदीप की भैंस उसके हाथ से छूटकर वहीं के धर्मेंद्र के खेत में घुस गई और धान की फसल चरने लगी थी। इतनी सी बात पर कुलदीप को सिसैया गांव निवासी धर्मेंद्र, भूपेंद्र और साधू ने लाठी, डंडों से पीटा था। इसमें गंभीर चोटें आने से अस्पताल ले जाते समय कुलदीप की मौत हो गई थी। कुलदीप के पिता ने तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन और सपा नेताओं ने एसपी आफिस के सामने लाश सड़क पर रखकर हंगामा किया था।
इसमें जिलाध्यक्ष समेत कई नेता शामिल रहे थे। एएसपी देहात अपर्णा गौतम ने मुल्जिमों को शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था। इसके बाद कुलदीप का शव घर ले जाया गया। देर शाम तक परिजन दिल्ली में रहने वाले कुलदीप के मामा के आने का इंतजार करते रहे, जिससे अंतिम संस्कार नहीं किया जा सका। सोमवार सुबह परिजन ने हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने से पहले कुलदीप का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। इस पर पुलिस अफसरों में खलबली मच गई। पुलिस ने काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन लोग नहीं माने। इस बीच एमएलसी अमित यादव उर्फ रिंकू, सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप पांडे, पूर्व विधायक राजेश यादव, फिरोज यादव भी पहुंच गए। बातचीत के दौरान कहा कि अगर बुधवार सुबह तक आरोपी नहीं पकड़े जाते हैं, तो आगे की रणनीति बनाई जाएगी। मौके पर पहुंचे सिंधौली के प्रभारी निरीक्षक जगनारायण पांडे की कुलदीप के परिजन और सपा नेताओं से वार्ता हुई।
प्रभारी निरीक्षक ने बुधवार सुबह तक आरोपियों को गिरफ्तार कर लेने का आश्वासन दिया। इस पर सपा नेता राजी हो गए। उनके समझाने पर परिजन भी शांत हो गए। कहीं तब जाकर दोपहर डेढ़ बजे कुलदीप का अंतिम संस्कार किया जा सका। इस दौरान सीओ नवनीत कुमार नायक, सिंधौली पुलिस और पुवायां की बड़ागांव चौकी पुलिस मौके पर मौजूद रही।
कुलदीप के परिवार के लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सपा नेता भी मौके पर पहुंचे थे। वार्ता के बाद बुधवार सुबह तक आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद कुलदीप का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। आरोपी जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजे जाएंगे।
- जगनारायण पांडे, कोतवाली प्रभारी सिंधौली