शाहजहांपुर। कैंट क्षेत्र में महाराणा प्रताप रोड समेत तमाम सड़कों की बुरी दशा है। इनसे गुजरते समय वाहन चालकों को परेशानी होती है। सड़कों की मरम्मत के लिए कई बार सेना के अधिकारियों को लिखा गया। पिछले दिनों कैंट बोर्ड की बैठक में भी मुद्दा उठा और निर्माण का प्रस्ताव पास हुआ। अब मार्च तक काम शुरू होने की संभावना है। धनराशि आवंटित हो चुकी है।
ओसीएफ के अस्पताल से वीर अब्दुल हमीद पार्क होकर पुवायां रोड से मिलने वाला महाराणा प्रताप मार्ग पूरी तरह खस्ताहाल है। मार्ग पर इतने गहरे गड्ढे हैं कि वाहनों के पलटने का डर बना रहता है। इसके बावजूद मार्ग की मरम्मत या निर्माण कार्य नहीं हुआ। हालांकि इसके लिए छावनी परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष और नामित सदस्य अवधेश कुमार दीक्षित तथा गजेंद्र गंगवार की ओर से कई बार सेना के अधिकारियों को पत्र लिखकर मार्ग को ठीक कराने की मांग रखी गई, लेकिन सड़कों की हालत नहीं सुधारी और वाहन चालकों को दर्द देती रहीं। पिछले दिनों कैंट बोर्ड की बैठक में एक बार फिर से इन सड़कों की मरम्मत और निर्माण का मुद्दा उठा। जिसमें सेना के अधिकारियों द्वारा सड़कों के निर्माण का लेकर आश्वस्त किया है। बताया जाता है कि मार्च की शुरुआत में ही कार्य शुरू हो सकता है।
मंदिर से शॉपिंग कॉम्प्लेक्स वाली सड़क भी क्षतिग्रस्त
महाराणा प्रताप मार्ग के अलावा ओसीएफ इस्टेट स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर से शॉपिंग कॉम्लेक्स की दुकानों तक सड़क भी काफी क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे निर्माणी के अधिकारियों व कर्मचारियों का आना-जाना रहता है। इस सड़क का निर्माण भी कराया जाएगा। इसको लेकर एमईएस के सहायक दुर्गा अभियंता संदीप सैधा ने पुष्टि की है। बताया कि मार्च में प्लांट चालू हो जाते हैं, तब ही काम शुरू हो पाएगा।
-
जल्द पूरी होगी टेंडर प्रक्रिया
महाराणा प्रताप और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स वाले मार्ग के निर्माण कार्य को कराने के लिए सेना की ओर से धनराशि की मांग की गई थी, जो आवंटित हो चुकी है। अब टेंडर की प्रक्रिया पूरी कराकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। सड़कों के निर्माण पर 40-50 लाख रुपये की लागत आएगी।
-
कैंट क्षेत्र की खस्ताहाल सड़कों के निर्माण को लेकर काफी समय से प्रयास किए जा रहे हैं। जिसके लिए धनराशि का आवंटन हो चुका है। अब मार्च में निर्माण कार्य शुरू हो सकता है। जिससे क्षेत्रवासियों के साथ ही अन्य लोगों को राहत मिल सकेगी। - संदीप सैधा, दुर्ग अभियंता