तमाम शिकायतों के बाद भी पूर्ति कार्यालय की कार्यशैली में कोई सुधार नहीं हो रहा है। सोमवार को कार्यालय बंद रहने से पूर्ति कार्यालय आए तमाम लोगों को निराश होना पड़ा।
गौरतलब है कि पुवायां स्थित पूर्ति कार्यालय को लेकर लोगों को तमाम तरह की शिकायतें हैं। आरोप है कि कार्यालय में दलाल जमे रहते हैं। इस कारण उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाता है। इसके अलावा कार्यालय समय से नहीं खुलने के कारण समस्या लेकर जाने वालों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।
सोमवार को तहसील क्षेत्र के आए तमाम लोगों को पूर्ति कार्यालय बंद मिलने से दिक्कतें उठानी पड़ी। लोग दोपहर बाद तक इंतजार करने के बाद एसडीएम से शिकायत करने पहुंचे। दिन में तीन बजे कार्यालय पहुंचे पूर्ति निरीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि वह कोटे के मामले की जांच के लिए बंडा गए थे। पूर्ति लिपिक संजीव कुमार की वितरण में ड्यूटी होने के कारण कार्यालय बंद था। स्टाफ की कमी के चलते समस्या होती है। फिर भी लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर हल कराया जाता है।