फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मिलावट के खिलाफ एफएसडीए की ताबड़तोड छापे, 11 नमूने भरे

विज्ञापन
विज्ञापन
शाहजहांपुर/रोजा। होली पर मिलावटी माल बेचकर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए एफएसडीए ने बृहस्पतिवार से अभियान शुरू कर दिया है। टीम ने शहर की मावा मंडी में छापे मारकर नमूने भरे। इसके बाद रोजा क्षेत्र में स्थित कई फर्मों पर भी ताबड़तोड़ छापे मारे, जिससे मिलावटखोरों में खलबली मच गई। छापेमारी के दौरान व्यापारियों ने कार्रवाई पर आपत्ति भी जताई, लेकिन सख्ती के आगे उनकी एक नहीं चली। अभियान के दौरान 11 नमूने भरे गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
विज्ञापन

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवि शर्मा के नेतृत्व में एफएसडीए टीम ने चौक स्थित मावा मंडी में छापा मारा। टीम के पहुंचते ही देहात क्षेत्र से मावा लेकर पहुंचे लोगों में खलबली मच गई। अधिकांश अपनी टोकरी छोड़कर भाग गए। इस दौरान मावा के 4 नमूने लिए गए। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने पुरानी साड़ी और कपड़ों में मावा रखने पर नाराजगी जताई। वहां मौजूद खोया विक्रेताओं से मारकीन के नए कपड़े में ही खोया लेकर आने को कहा। चबूतरे जर्जर होने के कारण उसकी सफाई ठीक ढंग से न होने पर जल्द नया फर्श डलवाने को कहा। इसके अलावा खोया मंडी के पास स्थित शौचालय को बंद करने या फिर उसके सामने दीवार खड़ी करने के निर्देश दिए ताकि शौचालय उठने वाली दुर्गंध खोया मंडी तक न आए। यहां से टीम रोजा इंडस्ट्रियल एरिया पहुंची और कचरी-पापड़ बनाने वाली दो फैक्टरियों पर छापा मारकर सात नमूने भरे। एक फैक्टरी से कचरी और खाद्य सामग्री में डाले जा रहे कलर का नमूना भरा। दूसरी फैक्टरी से कचरी, पापड़, रंग, मक्का दाना का नमूना लिया। सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला में भेज दिए गए हैं। रवि शर्मा ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की सुसंगत धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। होली के त्योहार तक विभाग के द्वारा छापे जारी रहेगे। उधर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई से नगर के दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी जयपाल सिंह, महेश वर्मा, इंद्रराज मौर्या, नरेंद्र शर्मा, रामजी शुक्ला आदि शामिल रहे।
बिना लाइसेंस नहीं मंडी बेच पाएंगे खोया
खोया मंडी में बैठने वाले सभी विक्रेताओं को जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने लाइसेंस बनवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बिना लाइसेंस यहां कोई भी विक्रेता नहीं बैठ पाएगा। यदि पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि यहां बैठने वाले करीब 35 विक्रेताओं में से लगभग 16 लोग लाइसेंस बनवा चुके हैं। अन्य से भी कागजात जमा कर लाइसेंस बनवाने को कहा है।
विज्ञापन

फैक्टरी में नमूना भरने का हुआ विरोध
एक फैक्टरी में नमूना भरने के दौरान व्यापारी टीम से भिड़ गए। टीम पर उन्हें बेवजह परेशान करने का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। उनका कहना था कि अन्य लोगों के यहां छापा नहीं मारा जा रहा केवल उनके यहां ही मारा जा रहा है। इस पर टीम ने कहा कि छापा सभी के यहां मारा जाएगा किसी को छोड़ा नहीं जाएगा।
नैनीताल के पते का पैकिंग मैटेरियल
एक फैक्टरी पर छापे के दौरान नैनीताल के पते पर छपा पैकिंग मैटेरियल मिला, जिस पर टीम ने उसे मानकों के विपरीत बताते हुए उसमें पैकिंग न करने की चेतावनी दी, लेकिन व्यापारी विरोध पर अड़ गया और कहने लगा कि उसने भारी मात्रा में यह माल छपवा लिया है। इस पर टीम ने कार्रवाई की चेतावनी दी तो व्यापारी के तेवर ठंडे पड़ गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें