कांट। गांव पट्टी पूर्वी निवासी आशीष कुमार सिंह ने न्यायालय के आदेश पर फर्जी ढंग से जीएसटी फर्म बनाकर धोखाधड़ी करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है।
विज्ञापन
आशीष कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि उनका बैंक ऑफ बड़ौदा की कांट शाखा में बचत खाता है। दो जुलाई को खाते में 20 हजार रुपया जमा किए थे। इसके बाद मोबाइल बैंकिंग के जरिये रुपये ट्रांसफर करने का प्रयास किया, लेकिन कोई लेनदेन नहीं हो सका। बैंक पहुंचकर जानकारी की तो पता चला कि उसके खाते पर करीब 82 लाख रुपये की जीएसटी की देनदारी बकाया है।
उसके नाम और दस्तावेजों का इस्तेमाल कर तेलंगाना के हैदराबाद में सनशाइन एंटरप्राइजेज नाम से फर्म का जीएसटी पंजीकरण कराया गया है। आरोप है कि फर्म के पंजीकरण में उसके हस्ताक्षर और अन्य दस्तावेजों का फर्जी इस्तेमाल किया गया है। फर्म का पंजीकरण 25 जुलाई 2023 को कराया गया। जबकि वह कभी हैदराबाद नहीं गए। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।