खुटार। मंगलवार को अन्य जनपदों से घर लौटे चार युवकों का खुटार पीएचसी पर चेकअप किया गया। युवकों को बुखार होने पर उनको मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।
लॉकडाउन से पूर्व खुटार के गांव माधोपुर निवासी सर्वेश कुमार जनपद हरदोई, माधौपुर के ही ध्रुव मिश्रा जनपद अंबेडकरनगर, गांव दिलीपपुर निवासी उमाशंकर जनपद गोरखपुर और थाना पुवायां के गांव पकड़िया हकीम निवासी उस्मान उत्तराखंड के जिला रामनगर में कंबाइन पर काम करने गए थे। गेहूं की कटाई का काम समाप्त होने पर चारों मंगलवार सुबह खुटार पहुंचे। गांव जाने से पहले चारों लोग खुटार के सरकारी अस्पताल पहुंचे और डॉक्टर को जानकारी देकर स्वास्थ्य परीक्षण कराने को कहा।
परीक्षण में चारों का तापमान बढ़ा पाए जाने पर पीएचसी प्रभारी डॉ. संजीव कुमार ने उन्हें जांच के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पीएचसी प्रभारी ने बताया कि युवकों को बुखार होने के कारण मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। युवकों का सैंपल लेने का निर्णय मेडिकल कॉलेज से ही लिया जाएगा।