बंडा (शाहजहांपुर)। झारखंड से अफीम लाकर शाहजहांपुर और आसपास के जिलों में बेचने वाले गिरोह के चार तस्करों को पुलिस ने पांच किलो अफीम के साथ गिरफ्तार कर लिया। चारों आरोपी बरेली जिले के निवासी हैं।
एसपी ग्रामीण संजीव वाजपेयी ने बताया कि थाना पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी कि बरेली जिले के चार लोग सुनासिरनाथ मंदिर गोशाला के पास अफीम बेचने आए हैं। यहां मेला लगना है। अफीम को इसी मेले में बेचा जाना है। सूचना पर बंडा थाना प्रभारी मनोज कुमार ने पुलिस टीम के साथ घेराबंदी कर बरेली के थाना फरीदपुर के गांव नगरिया विक्रमपुर निवासी कमल हसन, मीरहसन, हरद्वारी और थाना बारादरी के गांव जगतपुर गौंटिया निवासी शब्बू को पकड़ लिया। चारों के पास से पांच किलो अफीम बरामद हुई।
आरोपियों को थाने लाकर पूछताछ की गई। पकड़े गए लोगों ने बताया कि वे झारखंड से सस्ते दामों पर अफीम लेकर आते हैं और शाहजहांपुर, बदायूं, बरेली व आसपास के जिलों में महंगे दामों पर बेचते हैं। अफीम कहां बेची जाती थी, इसके बारे में भी पता लगाया जा रहा है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट से आरोपियों को जेल भेज दिया गया।