शाहजहांपुर के चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खलीलगर्बी निवासी चाय विक्रेता सैफ के खाते से साइबर अपराधियों ने 98 हजार रुपये उड़ा दिए। रेल टिकट बुक करने के दौरान रुपये कटने के बाद गूगल से हेल्पलाइन नंबर लेकर फोन कर शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने दो महीने के बाद केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मतलूब हसन खां के पुत्र सैफ चाय बेचते थे। उनका चाय का ठेला हटा दिया गया था। करीब दस साल मेहनत कर कुछ जमा-पूंजी एकत्र की थी। 17 जून को लखनऊ से मुंबई जाने के लिए रेल टिकट बुक कर रहे थे तभी उनके अकाउंट से 495 रुपये कट गए। उन्होंने गूगल पर जाकर हेल्पलाइन नंबर प्राप्त कर फोन कर दिया। उनका नंबर एक नए नंबर पर फारवर्ड हुआ। 27 जुलाई को उनके पास दोबारा फोन आया।
बातों में फंसाकर मोबाइल में रुपये वापसी के नाम पर एनीडेस्क डाउनलोड करा दिया। एप के माध्यम से उनके खाते से 98, 921 रुपये की धनराशि कट गई। खाते से रुपये गायब होने के बाद सैफ ने नंबर पर कॉल की तो उसने जल्द ही रुपये वापस आने का आश्वासन दिया। पीड़ित ने साइबर क्राइम दफ्तर से लेकर थाने तक तहरीर देकर गुहार लगाई। उसकी कहीं सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने डीएम को प्रार्थना पत्र दिया। सीओ सिटी अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर आने के बाद केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।