शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र में कांशीराम कॉलोनी में मंगलवार सुबह सांड़ ने जमकर उत्पात मचाया। जो उसके सामने पड़ा उसी को उठाकर पटक दिया। कुछ लोग उससे बचने के लिए भागे तो गिरकर चोटिल हो गए। सांड़ के हमले में घायल एक वृद्ध को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद नगर निगम की टीम ने बमुश्किल सांड़ को पकड़कर काबू किया।
कांशीराम कॉलोनी में एक सांड़ कई दिन से घूम रहा था। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे सांड़ ने कालोनी के आवासों में टक्कर मारनी शुरू कर दी। पहले तो लोग उसकी हरकतों को दूर से देखते रहे, लेकिन जब वह शांत नहीं हुआ तो कॉलोनी निवासी 18 वर्षीय पुनीत उसे भगाने पहुंचे। मगर सांड़ ने पुनीत को दौड़ा लिया। कॉलोनी के 40 वर्षीय रामलड़ैते, मीरा और 65 वर्षीय प्रकाश सिंह सांड़ से पुनीत को बचाने दौड़ेे। इसी बीच सांड़ से बचने के लिए भाग रहे पुनीत गिरकर घायल हो गए। वहीं सांड़ ने जब अन्य लोगों को अपनी तरफ आते देखा तो वह हमलावर हो गया। इस पर लोग उससे बचने को भागने लगे। इसी बीच सांड़ ने वृद्ध प्रकाश सिंह को सींग में फंसाकर टांग लिया और फिर जमीन में पटक दिया। इससे वह घायल हो गए। अन्य लोग भी गिरकर चोटिल हुए। इसी बीच कॉलोनी के अन्य लोग आ गए। सांड़ से बमुश्किल प्रकाश को बचाया। घायल अवस्था में प्रकाश को मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। सूचना पर पहुंची नगर निगम की टीम ने एक घंटे की मशक्कत कर सांड़ को काबू में किया और गाड़ी में डालकर ले गई।
दो दिन पहले किसान को पटक कर मार डाला था
जिले भर में सांड़ों का आतंक है। रविवार को तिलहर कोतवाली क्षेत्र के गांव गुलचंपा के वीरेंद्र खेत पर गेहूं की फसल देेखने गए थे। वहां उन्होंने सांड़ को फसल उजाड़ते देखा तो डंडा मारकर भगाने का प्रयास किया। इस पर सांड़ हमलावर हो गया और वीरेंद्र को पटककर मार डाला था। गांववालों के हंगामे के बाद पुलिस ने नगर पालिका की टीम बुलवाकर सांड़ को दूसरे स्थान पर छुड़वाया था। तब जाकर गांव वाले शांत हुए।
पड़ोसी जिले से लाकर छोड़ गए सांड़
तिलहर। सांड़ों की संख्या तिलहर में अचानक बढ़ गई है। नगर और ग्रामीण क्षेत्र में सांड़ लोगों के लिए सिर दर्द बने हुए हैं। एसडीएम सौरभ गंगवार के मुताबिक हाल ही में पड़ोसी जनपद से लाकर सांड़ों को तहसील क्षेत्र में छोड़ दिया गया है। इसके कारण अचानक इनकी संख्या बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि इन्हें पकड़ने के लिए अभी तक कोई व्यवस्था नहीं हुई है। प्रशासनिक स्तर पर बातचीत करके इस पर निर्णय लिया जाएगा।