निगोही। सफौरा गांव में शुक्रवार को खेत पर गई किशोरी रागिनी की पास के खेत में लगाई गई तारों की बाड़ में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से मौत हो जाने के मामले में पुलिस ने खेत मालिक और उसके तीन बेटों के खिलाफ गैरइरादतन हत्या और एससीएसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।
सफौरा निवासी सत्यपाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी 13 वर्षीय पुत्री उनके साथ खेत पर गई थी। तभी पास के खेत में पशुओं की रखवाली के लिए लगी तारों की बाड़ में करंट के संपर्क में आ जाने से उसकी मौत हो गई। तहरीर में कहा गया है कि खेत के मालिक लोहरगवां निवासी मुस्तकीम खां और उनके बेटों मुकीम खां, फहीम खां, वसीम खां ने परेशान करने की नीयत से अपने खेत की मेड़ पर करंट वाले तार लगा रखे थे। आरोपियों से कई बार करंट छोड़ने से मना किया, लेकिन वे नहीं माने। सीओ सदर प्रियांक जैन ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू करा दी गई है। संवाद