दूध-चाय पीने से चार लोगों की हालत बिगड़ी
शनिवार सुबह कस्बा स्थित कांशीराम कालोनी में दूध तथा चाय पीने के बाद तीन बच्चों समेत चार लोगों को उल्टी दस्त शुरू हो गए। फौरन सभी को सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के बाद उन लोगों की तबियत सुधर सकी। लोगों ने दूधिया पर सिंथेटिक दूध देने का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। कांशीराम कालोनी के दिनेश, मुकेश तथा कल्लू ने शनिवार सुबह एक ही दूधिए से दूध खरीदा था। इसके बाद मुकेश ने दूध पिया। मुकेश के पांच साल के पुत्र रमन तथा कल्लू की सात वर्षीय बेटी नंदिनी तथा एक साल के शिवा ने दूध से बनी चाय पी। इसके बाद सभी को उल्टी तथा दस्त शुरू हो गए। बच्चों को बेहोशी हालत में देख परिवार वाले घबरा गए। इसके बाद मोहल्ले के लोग सभी को लेकर सीएचसी पहुंचे। जहां डाक्टरों के प्रयासों के बाद उनकी हालत में सुधार हो सका। देर शाम अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पीड़ितों ने दूधिया द्वारा नकली अथवा मिलावट दूध दे दिए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।