शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार पुलिस ने मंगलवार की रात मुखबिर की सूचना पर क्षेत्र के मोहल्ला हद्दफ निवासी सादिक के मकान पर छापा मारा। सट्टे की खाईबाड़ी कर रहे चार युवकों को गिरफ्तार किया। उनके पास से पुलिस ने 22 हजार रुपये की नकदी, चार सट्टे के रजिस्टर, दो कैलकुलेटर, सट्टे की पर्ची आदि बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी प्रदीप गुप्ता निवासी मोहल्ला अजीजगंज, निहाल गुप्ता निवासी मोहल्ला कच्चा कटरा, अंसार निवासी मोहल्ला ईदगाह और शिवम सक्सेना के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके से तीन आरोपी संजय तिरखा, विशाल और सादिक भाग गए। उनकी पुलिस तलाश कर रही है। सट्टा किंग के नाम से कुख्यात वेदव्यास उर्फ वेदी पूरे शहर से लेकर आसपास के जनपदों में सट्टे का कारोबार करता है।
कुछ महीने पहले ही पुलिस ने वेदी को गैंगस्टर के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वेदी के जेल जाने के बावजूद उसकी गैंग के सदस्य सट्टा चला रहे हैं।
एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपी वेदी के गिरोह के सदस्य हैं। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। संवाद