मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। मीरानपुर कटरा थाना पुलिस टीम ने रविवार रात मुखबिर की सूचना पर लखनऊ दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग के हुलासनगरा ओवरब्रिज के सर्विस रोड पर घेराबंदी की। स्कूटी व बाइक पर सवार मादक पदार्थ तस्करी के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 99.5 ग्राम स्मैक बरामद की। आरोपी बरेली के एक युवक से स्मैक लेकर लौट रहे थे।
होली के मद्देनजर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह की टीम ने मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र के मोहल्ला अफरीदी निवासी योगेश मौर्य, मदनापुर थाना क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीप्रतापपुर निवासी सत्यवीर, बरेली के फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के गांव भीकमपुर निवासी संजय व हरिशंकर को गिरफ्तार किया।
तलाशी में सभी के पास से 99.5 ग्राम स्मैक मिली। पूछताछ में तस्करों ने पुलिस को बताया कि वे लोग यह स्मैक नईम उर्फ इमरान निवासी ग्राम पड़ेरा थाना फतेहगंज पूर्वी, बरेली से लेकर आए थे। मोहल्ला कायस्थान के अरशद को स्मैक देने जा रहे थे।
इंस्पेक्टर ने बताया कि तस्कर योगेश मौर्य पर वर्ष 2021 में थाना सदर बाजार क्षेत्र में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया था। साथ ही 2021 में महिला थाने में दहेज उत्पीड़न के साथ दो और मुकदमे दर्ज किए गए थे। इसके बाद वर्ष 2024 में कटरा थाने में मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि बरेली के नईम व कटरा के अरशद की तलाश में टीम जुट गई है।
-
तीन लोगों को दबोचा, तमंचे बरामद
शाहजहांपुर। होली को लेकर चल रहे धरपकड़ अभियान के तहत अलग-अलग थानों की पुलिस ने तीन लोगों को तमंचों के साथ पकड़ा है। तीनों लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
रोजा थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि सोमवार दोपहर अटसलिया फाटक के पास घेराबंदी कर हथौड़ा गांव निवासी मनोज को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक 315 बोर का तमंचा व कारतूस मिला। मनोज पर आबकारी व आर्म्स एक्ट की धारा में करीब 10 मुकदमे दर्ज हैं।
चौक कोतवाली इंस्पेक्टर अश्वनी सिंह ने बताया कि रविवार रात सीतापुर-लखनऊ हाईवे पर भ्रमण के दौरान मिली मुखबिर की सूचना पर कांट के टिकरी गांव निवासी नौशाद को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से एक तमंचा मिला है। वहीं, मिर्जापुर थाना प्रभारी निरीक्षक सोनी शुक्ला ने बताया कि रविवार को धियरपुरा गांव से रिंकू को पकड़ा गया। उसके पास से तमंचा बरामद किया गया है। संवाद