मैनेजर हत्याकांड के आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
नीरज के बेटे नमन पर आ सकती आंच
कन्हैया होजरी पर मारपीट के बाद शिवम जौहरी की मौत होने के बाद सुबूत को मिटाने का प्रयास किया गया था। सीसीटीवी फुटेज की हार्ड डिस्क निकालकर रोजा स्थित जमौर भेजी गई थी। पुलिस के अनुसार, नीरज के बेटे नमन ने हार्डडिस्क को फार्मेट कर वापस कर दिया था। पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है। माना जा सकता है कि नमन पर भी जांच की आंच आ सकती है।
जिला कोषाध्यक्ष पद पर अभी निर्णय नहीं
हत्या के आरोपी नीरज गुप्ता उद्योग व्यापार मंडल मिश्रा गुट का जिला कोषाध्यक्ष भी रहा है। जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह दुआ ने बताया कि अभी उनके पद को लेकर निर्णय नहीं लिया है। प्रदेश अध्यक्ष से वार्ता के बाद फैसला होगा। व्यापार मंडल ने घटना की निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
एसपी एस. आनंद ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। नीरज व अन्य की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही उन्हें दबोच लिया जाएगा।
कन्हैया होजरी और ट्रांसपोर्ट की जांच कराएंगे
एसडीएम सदर सतीश चंद्रा ने सूरी ट्रांसपोर्ट के मैनेजर शिवम उर्फ अंशुल जौहरी के घर जाकर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने मृतक के पिता अधीश जौहरी और चाचा मुकेश जौहरी से वार्ता की और प्रशासन की ओर से हर संभव मदद किए जाने का आश्वासन दिया। एसडीएम ने कहा कि घटना अत्यंत हृदय विदारक है। पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि प्रशासन उनके साथ है। यदि पीड़ित परिवार प्रार्थना पत्र देता है तो कन्हैया होजरी और सूरी ट्रांसपोर्ट के व्यापार की भी जांच कराई जाएगी।