पूर्व सांसद मिथलेश कुमार ने सोमवार को केन कैरियर में गन्ना डालकर पुवायां किसान सहकारी चीनी मिल के पेराई सत्र का औपचारिक शुभारंभ किया। डीएम शुभ्रा सक्सेना को पेराई सत्र का शुभारंभ करना था, लेकिन उनके नहीं आने से किसानों को निराशा हुई।
सुबह पंडित वासुदेव ने मिल परिसर में हवन पूजन कराया। इसके बाद गांव खांड़ेपुर के रजनीश कुमार की गन्ने की पहली बैलगाड़ी और गांव लखोहा के रामभरोसे की पहली ट्रॉली तौली गई। मिल के प्रधान प्रबंधक वीके अग्रवाल ने बैलों और किसान को माला पहनाई। दोनों किसानों को कंबल, बाल्टी आदि सामान उपहार स्वरूप प्रदान किया गया।
इसके बाद मिथलेश कुमार और चीनी मिल के उप-सभापति मनोज शुक्ला ने केन कैरियर में गन्ना डालकर पेराई सत्र का शुभारंभ किया। एसडीएम सलिल कुमार पटेल और सीओ उमेश शर्मा भी मौके पर मौजूद रहे। मिल के प्रधान प्रबंधक ने बताया कि पेराई की तैयारियां पूरी हैं। किसानों को गन्ने की पर्चियां भी जारी कर दी गई हैं। पेराई सत्र के शुभारंभ के अवसर पर भाकियू के जिलाध्यक्ष महेंद्रपाल सिंह यादव, पुवायां गन्ना समिति के संचालक अनिल गुप्ता सहित तमाम किसान मौजूद रहे।