शाहजहांपुर। पूर्व एमएलसी जयेश प्रसाद के विश्वासपात्र नौकर की नीयत तीन लाख रुपये पर खराब हाे गई। अलमारी में रखने के लिए दिए रुपये लेकर बहाना कर वह भाग गया। जयेश के पुत्र जाग्रत प्रसाद ने आरोपी शोभित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना सदर बाजार के प्रसाद भवन निवासी जाग्रत प्रसाद ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि पिछले काफी समय लखीमपुर खीरी के थाना मैलानी के गांव सुखचैनपुर निवासी शोभित उनके यहां नौकरी करता था। होली के लिए 19 मार्च को ईंट भट्ठे से तीन लाख रुपये लेकर शोभित को अलमारी में रखने के लिए दिए थे। त्योहार के बाद रुपयों की जानकारी की गई, तब उन्हें पता चला कि शोभित पत्नी की तबीयत खराब बताकर चला गया था।
जाग्रत ने तुरंत ही कर्मचारी श्याम मोहन, राहुल त्रिवेदी को शोभित के घर भेजा, तब उसने रुपये वापस करने का वादा किया। इसके बाद उसने फोन स्विच ऑफ कर लिया। कर्मचारियों के दोबारा जाने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहा है। इंस्पेक्टर रवींद्र सिंह के अनुसार, आरोपी की तलाश में टीम को उसके घर भेजी थी, लेकिन वह मिला नहीं है। उसकी तलाश की जा रही है।