शाहजहांपुर। मदनापुर के बंधा गांव में अवैध पेड़ कटान का मामला सामने आने के बाद वन विभाग ने कार्रवाई के लिए पुलिस से पत्राचार किया है। सोमवार को कटान के दौरान पेड़ गिरने से बिजली के चार खंभे गिरने से छह वर्षीय बालिका की दबकर मौत हो गई थी। हालांकि, मामले में अभी थाने में तहरीर नहीं दी गई है।
वन क्षेत्राधिकारी शत्रुघ्न प्रसाद के अनुसार, टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में अवैध कटान की बात सामने आई है। कार्रवाई के लिए पुलिस को पत्र दिया गया है। सोमवार सुबह पेड़ कटाई के दौरान सूखा आम का पेड़ बिजली के तारों पर गिर गया था। इससे हाईटेंशन लाइन के चार खंभे उखड़कर जमीन पर गिर गए थे।
इसी दौरान दादी के साथ खेत से लौट रही छह वर्षीय प्रतीक्षा उर्फ नायरा एक खंभे के नीचे दब गई। करीब डेढ़ घंटे तक बालिका खंभे के नीचे दबी रही। उसकी मौत के बाद मौके पर हंगामा हुआ था। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।