शाहजहांपुर। रेलवे ने आय बढ़ाने के साथ यात्रियों और आम लोगों को बेहतर खान-पान की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अपनी खाली जमीन पर फूड वैन लगवाने का निर्णय किया है। इसके लिए शहर में पांच स्थान चिह्नित किए गए हैं, जहां जल्द ही फूड वैन संचालित होंगी।
रेलवे स्टेशन के अंदर वेंडर खाना बिक्री करते हैं। उनके खाने की गुणवत्ता को लेकर हमेशा ही संदेह रहता है। ताजा खाना नहीं मिलने से यात्रियों को दिक्कत आती है। इसके लिए रेलवे ने फूड वैन लगवाने का निर्णय किया है। फूड वैन में पूड़ी-सब्जी, आलू, कचौड़ी के अलावा फास्ट फूड भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए रेलवे ने निविदा प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
फूड वैन के लिए ढाका ताल कॉलोनी, मालगोदाम तिराहा, शिव मंदिर के पास, लामा तेली बजरिया स्थित ओवरब्रिज के नजदीक व रोडवेज बस अड्डे की ओर स्थित रेलवे की भूमि को चिह्नित किया गया है। सीएमआई एसके ठाकुर ने बताया कि फूड वैन से रेलवे की आय बढ़ेगी। इसके लिए निविदा का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।