शाहजहांपुर। दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बुधवार को जिले में मिठाई की दुकानों पर विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान खराब मिठाई को नष्ट कराया गया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष तिवारी के नेतृत्व में टीम ने कलान, मिर्जापुर और बंडा क्षेत्र की दुकानों का निरीक्षण किया। सहायक आयुक्त (खाद्य) विनीत कुमार ने बताया कि गुणवत्ता पर संदेह होने पर दीपक स्वीट्स से लड्डू और पेड़ा, अमर सिंह डेयरी से मिश्रित दूध तथा शिव शक्ति स्वीट्स से सोनपापड़ी के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। वहीं, कृष्णा स्वीट्स और सक्सेना स्वीट्स में पांच-पांच किलो दूषित मिठाई नष्ट कराई गई। अन्नपूर्णा स्वीट्स में करीब 15 किलो दूषित मिठाई और 15-16 लीटर एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक नष्ट कराई गई। दीपक स्वीट्स, कृष्णा स्वीट्स, सक्सेना स्वीट्स, अन्नपूर्णा स्वीट्स, राम बहादुर स्वीट्स, राम नरेश स्वीट्स और बंडा स्वीट्स में साफ-सफाई की कमी मिलने पर नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
इस दौरान दुकानदारों को मिठाइयों पर एक्सपायरी डेट अंकित करने और खाद्य रंगों का निर्धारित मात्रा में इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए। सहायक आयुक्त ने बताया कि नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद उसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।