कोहरे की घनी चादर और पछुआ हवाएं चलने से कड़ाके की सर्दी का दौर सोमवार को भी जारी रहा। सुबह छह बजे से नौ बजे तक घना कोहरा छाए रहने से ट्रेनों की रफ्तार भी धीमी पड़ गई। पूर्वांचल में कोहरे की समस्या अधिक होने से लखनऊ दिशा से आने वाली अप लाइन की तमाम ट्रेनें दो से चार घंटे लेट हो गईं। इधर, सर्दी से बचाव को विभिन्न संस्थाओं द्वारा कंबल बांटने और अलाव जलवाने का अभियान जारी रहा।
कोहरे का असर रविवार को रात ढलने के बाद दिखने लगा। आधी रात के बाद कोहरा घना होने के साथ ट्रेनों की रफ्तार भी धीमी पड़ने लगी। रेलवे के अधिकारिक सूत्रों के अनुसार रात दो बजे अप-डाउन लाइन पर विजुअलिटी घटकर बमुश्किल 20 मीटर रह गई। इस कारण बरेली-हरदोई रेल सेक्शन पर बिलपुर से लेकर आंझी शाहाबाद तक पटरियों पर डेटोनेटर दागकर ट्रेनों को फाग सिगनल के सहारे चलाया गया। नतीजा यह हुआ कि रेलवे की समय सारिणी गड़बड़ा गई।
इन सभी ट्रेनों की घने कोहरे ने रोक ली राह
कोहरे के कारण लखनऊ से चलकर सुबह 4.10 बजे यहां आने वाली दिल्ली मेल सुबह 7.50 बजे प्लेटफॉर्म पर आकर लगी। इसी तरह 3010 डाउन दून एक्सप्रेस तीन घंटे, 4266 अप जनता तीन घंटे, 3006 डाउन पंजाब मेल 2.30 घंटे, 3050 डाउन डुप्लीकेट पंजाब मेल दो घंटे, 3308 किसान एक्सप्रेस तीन घंटे, 4115 इलाहाबाद-हरिद्वार तीन घंटे, 5609 गुवाहाटी एक्सप्रेस दो घंटे और 4673 शहीद एक्सप्रेस तीन घंटे देरी से यहां पहुंची। इन ट्रेनों को आगे बढ़ाने के लिए कई सवारी और मालगाड़ियों को रास्ते के स्टेशनों पर ठहराव देना पड़ा।
विकलांग कल्याण समिति ने बांटे कंबल
गरीबों को सर्दी की ठिठुरन से बचाने के लिए विकलांग एकता कल्याण समिति ने कंबल वितरण अभियान के तहत सोमवार को सिंधाौली ब्लॉक के बढ़ेला गांव में कैंप लगाकर तमाम जरूरतमंद विकलांगों, बेसहारा वृद्धजनों और विधवाओं को कंबल बांटे। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष रामचेतन त्यागी, महामंत्री विजय तिवारी और उपाध्यक्ष पूजा त्यागी ने सर्दी जारी रहने तक कंबलों का वितरण करते रहने का वायदा किया। व्यवस्था में राहुल सिंह, सोनू प्रजापति, संतोष कुमार, सुरेंद्र पाल, सुभाष आदि का सहयोग रहा।