शाहजहांपुर। जिले में कारोबार शुरू करने और नए उद्योग लगाने के लिए युवाओं में उत्साह दिख रहा है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत रोजगार शुरू करने के लिए अब तक 2600 युवाओं ने आवेदन किया है। इनमें करीब 700 आवेदकों का ऋण स्वीकृत हो चुका है। योजना के जरिये युवा विभिन्न क्षेत्रों में अपना कारोबार शुरू कर सकते हैं।
योजना के तहत सर्विस सेक्टर, हेल्थ, ट्रैवलिंग और टूरिज्म समेत करीब 350 तरह के कारोबार शुरू करने का अवसर है। इसके लिए विभाग की ओर से पांच लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही पात्र लाभार्थियों को 10 प्रतिशत अनुदान भी दिया जाता है। योजना का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना और उन्हें खुद का उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
आवेदन करने वाले युवाओं को ऋण स्वीकृत होने के बाद अपना कारोबार शुरू करने का अवसर मिलेगा। इससे जिले में नए उद्यम स्थापित होने के साथ रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। उपायुक्त उद्योग संजय सिंह ने बताया कि सीएम युवा उद्यमी योजना समेत कई योजनाओं में आवेदन आ रहे हैं। युवाओं को लाभ भी दिया जा रहा है।