भावलखेड़ा। चौढ़ेरा गांव में शुक्रवार की रात शराब के नशे में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। मामले में थाना रामचंद्र मिशन पुलिस ने दोनों पक्षों से दो दंपतियों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर शांतिभंग की कार्रवाई की है।
गांव के अमित मिश्रा और अंकित के बीच नशे की हालत में विवाद की शुरुआत हुई। बात बढ़ने पर गाली-गलौज और मारपीट शुरू हुई तो दोनों पक्षों के कई लोग लाठी-डंडे लेकर हमलावर हो गए। सूचना पर पीआरवी टीम मौके पर दोनों पक्षों को समझाबुझाकर चली गई, लेकिन पुलिस के जाते ही फिर से मारपीट होने लगी।
सूचना पर एसआई कैलाश चंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने एक पक्ष के अमित मिश्रा व उनकी पत्नी आरती सहित राधेश्याम की पत्नी देववंती और दूसरे पक्ष के अंकित व उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि सभी का शांतिभंग में चालान कर दिया गया है।