शाहजहांपुर में बिजली की लाइन पर काम करता कर्मचारी। स्रोत: जागरुक पाठक
शाहजहांपुर। शहर के कृष्णानगर में चार सौ केवी ट्रांसफार्मर में शुक्रवार रात में ओवरलोडिंग के चलते आग लग गई। इससे करीब पांच सौ घरों की बिजली ठप हो गई। पॉश कॉलोनी में बिजली न आने पर व्यापारियों ने अधिकारियों को काॅल की तो पांच घंटे बाद मोबाइल ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति बहाल की गई।
शुक्रवार रात करीब 10 बजे ट्रांसफार्मर में अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में आग की लपटें उठने लगीं। इससे कृष्णानगर, इस्लामिया कॉलेज क्षेत्र, करबला आदि की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। गमीं में बिजली गुल होने से लाेग बेहाल हो गए। रात 12 बजे तक बिजली न आने पर व्यापारियों ने अधिकारियों को कॉल कर समस्या बताई।
पॉश कॉलोनी का मामला होने के चलते अधिकारी भी सक्रिय हो गए। रात में ही मोबाइल ट्रांसफार्मर का इंतजाम किया गया। इसके बाद रात तीन बजे आपूर्ति सुचारू कर दी गई। जेई सतीश चंद्रा ने बताया कि रात में मोबाइल ट्रांसफार्मर लगवाकर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
-
नशे में खंभे पर चढ़ा युवक ट्रांसफार्मर पर गिरा, बिजली गुल
भावलखेड़ा। मोहल्ला सराय काइयां निवासी हिमांशु राठौर भट्ठा चौराहा स्थित एक मैरिज लॉन में बरात में आया था। यहां नशे की हालत में वह बिजली के खंभे पर चढ़ गया। कुछ देर बाद खंभे से नीचे ट्रांसफार्मर पर आ गिरा। युवक के गिरते ही ट्रांसफार्मर में धमाके के साथ फाल्ट आ गया। हादसे में हिमांशु भी करंट से झुलस गया। सूचना पर एसआई कैलाश चंद्र मौके पर पहुंचे। उन्होंने 108 एंबुलेंस से युवक को राजकीय मेडिकल कॉलेज भिजवाया। क्षेत्र की बिजली कई घंटे तक गुल रही।