शाहजहांपुर। भारतीय योग संस्थान की ओर से योग साधना केंद्र मारवाड़ी पाठशाला में आयोजित पांच दिवसीय मोटापा रोग निवारण योग शिविर का रविवार को समापन हो गया। शिविर के अंतिम दिन 100 से अधिक साधकों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।
विभिन्न योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को मोटापा नियंत्रण और स्वास्थ्य संवर्धन के लिए उपयोगी योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। शिविर के पांचवें दिन की साधना का संचालन भारतीय योग संस्थान के जिला उप प्रधान डॉ. मयंक भूषण पांडे ने किया।
साधना सत्र के बाद संस्थान के जिला प्रधान व प्रांतीय मंत्री पवन सिंह ने मुख्य अतिथि डॉ. नमन खन्ना और डॉ. अरविंद नाथ मेहरोत्रा का पटका पहनाकर स्वागत किया। योग प्रशिक्षकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जीएफ कॉलेज मैदान पर होगा मुख्य आयोजन
शाहजहांपुर। 21 जून को होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन जीएफ कॉलेज मैदान पर किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कैंप कार्यालय में बैठक की। इसमें योग दिवस से संबंधित होने वाले कार्यक्रम की सफलता के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
डीएम ने बताया कि 15 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उद्घाटन कार्यक्रम नगर निगम परिसर में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आयुष मंत्रालय के निर्देशानुसार हैबिल्ड हेल्थटेक के सहयोग से एक ऐतिहासिक योग सत्र के माध्यम से गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।
रिकॉर्ड को हासिल करने के लिए जनपद के विभिन्न सरकारी विभागों को अधिक से अधिक जनभागीदारी करने के लिए लक्ष्य आवंटित किया गया है। अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को इस ऑनलाइन योग सत्र से जोड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। जीएफ कॉलेज मैदान पर होने वाले कार्यक्रम का प्रस्ताव पारित किया गया।
डीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए है कि कार्यक्रम की व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं। इस दौरान नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, एडीएम एफआर अरविंद कुमार, सीएमओ डॉ.विवेक कुमार मिश्रा आदि मौजूद रहेे। संवाद
योग दिवस की तैयारियों को लेकर दिया गया प्रशिक्षण
शाहजहांपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के तहत तिलहर में योग प्रशिक्षण शिविर आयोजित हुआ। यह शिविर उत्तर प्रदेश राज्य आयुष सोसायटी के योग वेलनेस सेंटर, मझला की ओर से बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय, तिलहर में हुआ।
क्षेत्रीय अधिकारियों सिराज अहमद और रवींद्र कुमार सागर के मार्गदर्शन में योग प्रशिक्षक शिवनाथ पाल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया। इसमें ग्रीवा संचालन, स्कंध संचालन, ताड़ासन और कुर्सी आसन जैसे योगासन सिखाए गए। प्रतिभागियों को प्राणायाम के स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी भी मिली।
इस दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी राजवीर वर्मा, मुख्य सेविका निहारिका भाटिया, कनिष्ठ सहायक खदीजा रुखसार, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर अर्चना भारती, सहयोग सहायक नमित कुमार का सहयोग रहा। संवाद
कार्यक्रम में घनश्याम दास गुप्ता, सत्य प्रकाश तिवारी, पुनीत दीक्षित, विजय रस्तोगी, नीरज रस्तोगी, राजेश मिश्रा, डॉ. देशबंधु, उमा टंडन, प्रदीप मौर्य और उपेंद्र गुप्ता आदि मौजूद रहे।