शाहजहांपुर। एसओजी, सर्विलांस व रोजा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार की सुबह अटसलिया स्थित एक नमकीन फैक्टरी के पास डकैती की योजना बना रहे पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। ये सभी बिहार के गया जिले में एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर लौटे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से लग्जरी कार व चोरी का माल बरामद कर लिया है। आरोपियों पर पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद वे जिला छोड़ देते थे।
सोमवार को पुलिस लाइन में एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि पकड़े गए लोगों में मदनापुर थाना क्षेत्र के पंखाखेड़ा गांव निवासी मगरूर, मिदरी, अबरम, पतले व बदायूं के थाना हजरतपुर क्षेत्र के गढि़या पैगंबर हर्रिमपुर निवासी राहुल तोमर हैं। आरोपियों के कब्जे से 103 ग्राम पीली धातु, 780 ग्राम सफेद धातु, 6.5 ग्राम स्मैक, अवैध असलहा व कारतूस, नकब लगाने के उपकरण व इनोवा कार बरामद की गई है।
ये सभी नमकीन फैक्टरी के पास डकैती की योजना बना रहे थे। एसपी सिटी ने बताया कि मगरूर पर फर्रुखाबाद, हरदोई, मैनपुरी के अलावा शाहजहांपुर के सात थानों में करीब 20 मुकदमे दर्ज हैं।
आरोपी मिदरी पर एटा, फर्रुखाबाद, सीतापुर के अलावा जिले के आठ थानों में करीब 30 मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा अबरम पर छह, पतले पर पांच, राहुल पर तीन मुकदमे दर्ज हैं। अब तक की जांच में पता चला है कि एक-दो साल में जिले में कोई चोरी नहीं की। सारी वारदात बाहर करते थे।
मगरूर की बहन के नाम है चोरी में शामिल कार
पुलिस को आरोपियों ने बताया कि सभी मिलकर सुनियोजित तरीके से चोरी, लूट एवं डकैती जैसी घटनाओं को अंजाम देते थे। उपकरणों के माध्यम से मकानों के ताले, दरवाजे एवं अन्य अवरोधकों को तोड़कर अंदर प्रवेश कर घटनाओं को अंजाम देते थे। माल एवं नकदी को आपस में बांट लेते थे। इनोवा कार मगरूर की बहन के नाम पंजीकृत है। इसी से अलग-अलग जनपदों एवं राज्यों में जाकर वारदात कर दूसरी जगह चले जाते थे।
गमी में शामिल होकर की चोरी, फिर चल दिए घर
बताया जा रहा है कि आरोपी मगरूर की सास की मौत हो गई थी। मगरूर अपने गैंग के साथ बिहार के गया में गया था। वहां गमी में शामिल होने के बाद रात को गया के गांव रघुनाथपुर में चोरी की घटना को अंजाम दिया। इसके बाद घर जा रहे थे लेकिन पुलिस ने मुखबिर की सूचना मिलने पर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।