तिलहर। दो गुटों में मारपीट और फायरिंग में दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
शुक्रवार देर शाम नगर के भक्सी तिराहे के समीप मंगल बाजार में पूर्व में बच्चों के बीच हुए विवाद की रंजिश में दो गुट आमने-सामने आ गए थे। लाठी-डंडे चलने से अफरातफरी मच गई थी। पुलिस पहुंचने पर एक आरोपी ने पुलिसकर्मी पर ही तमंचा तान दिया था। पुलिस ने एक पक्ष के मोहल्ला खलील कटरा निवासी अमन कुमार की ओर से मोहल्ला मुस्तफाबाद निवासी अरुण व गौरव, अमनपुर गौटिया निवासी सुनील कुश्वाहा, मुस्तफाबाद निवासी साजन कश्यप के खिलाफ मारपीट और जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की है।
वहीं गौरव यादव की ओर से मोहल्ला खलील कटरा निवासी मोहित, तन्नू तथा दो अज्ञात के खिलाफ भी जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की है। थाना प्रभारी धनंजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने मोहित, तन्नू, अरुण, सुनील कुमार तथा साजन को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से दो तमंचे, दो कारतूस बरामद किए हैं। पांचों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।