कस्बे में प्रयाग नारायण स्मृति धर्मशाला में स्वच्छ भारत अभियान के तहत हुई बैठक में चेयरमैन चंद्रेश गुप्ता ने कहा है कि गंदगी करने वालों पर अब जुर्माना लगेगा।
चेयरमैन ने दुकानदारों को बताया कि देश को साफ-सुथरा बनाने के लिए जो अभियान चलाया जा रहा है, वह अब जनांदोलन का रूप ले चुका है। केंद्र सरकार ने इसमें देश के 4041 नगरों की आधारभूत संरचना, सड़कें और पैदल मार्ग की साफ.-सफाई का लक्ष्य रखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आधिकारिक रूप से इसकी शुरुआत दो अक्तूूबर 2014 को गांधी जयंती के दिन नई दिल्ली में राजघाट से की थी।
उन्होंने कहा कि अभियान की शुरूआत के दिन प्रधानमंत्री ने कला, खेल और साहित्य जगत से जुड़ी नौ हस्तियों को अभियान में नामित कर उन्हें इस मिशन को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। स्कूल-कॉलेजों ने भी अपने तरीके से कार्यक्रम आयोजित कर स्वच्छता अभियान को गति देने में सहयोग किया था। उन्होंने कहा कि लोग अपनी दुकानों और घरों में सफाई के बाद कूड़ा सड़क पर पेंक देते हैं। कोई भी उसे डस्टबिन में नहीं डालता है। अब ऐसा नहीं होगा। सड़क पर कूड़ा फेंकने वाले पर पहली बार 250 रुपये का जुर्माना लगेगा। दुबारा गलती करने पर 500 रुपये वसूले जाएंगे।
अंत में चेयरमैन ने सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस मौके पर भाजपा नेता अनिल गुप्ता, अमित वाजपेयी, सभासद दुर्गेश सक्सेना, राजेश सक्सेना, दिनेश गुप्ता, अरुण गुप्ता, श्रीपाल आदि मौजूद रहे।