शाहजहांपुर। रिश्वत लेने के आरोपी मत्स्य विभाग के निरीक्षक संजीव कुमार को उप निदेशक बरेली अंजना वर्मा ने निलंबित कर दिया है। आरोपी वर्तमान में न्यायिक अभिरक्षा में हैं। मत्स्य निरीक्षक के खिलाफ विभागीय जांच भी कराई जाएगी। इसमें दोषी पाए जाने पर बर्खास्तगी की कार्रवाई होगी।
19 नवंबर को बरेली सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने विकास भवन के बाहर मत्स्य निरीक्षक संजीव कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। टीम आरोपी को यहां से सीधे तिलहर थाने ले गई थी। वहां कुछ देर पूछताछ करने के बाद बरेली लेकर चली गई थी। ददरौल निवासी निषाद पार्टी के कार्यकर्ता मुकेश कश्यप ने अपनी बहुउद्देशीय मत्स्य जीवी सहकारी समिति के ऑनलाइन पंजीकरण के लिए मत्स्य विभाग में आवेदन किया था।
मुकेश के मुताबिक, पंजीकरण कराने के लिए 80 हजार रुपये में मामला तय हुआ था। रकम को दो या तीन बार में देने की बात मत्स्य निरीक्षक से तय हुई थी। रिश्वत मांगने पर मुकेश ने शिकायत बरेली सतर्कता अधिष्ठान में की थी। उनकी सूचना पर 19 नंबर को विजिलेंस टीम ने विकास भवन गेट से निरीक्षक संजीव कुमार को 20 हजार रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया था।
आरोपी मत्स्य निरीक्षक को बरेली उप निदेशक ने निलंबित कर दिया है। निरीक्षक के विरुद्ध विभागीय जांच की जाएगी। इसके बाद बर्खास्तगी की कार्रवाई हो सकती है।
-पूरन लाल, प्रभारी, सहायक निदेशक मत्स्य