पुवायां। गांव पसियाखेड़ा में सोमवार सुबह जमीन की विवाद में फायरिंग और लाठी-डंडे चलने से एक पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। महिला के हाथ में गोली लगी है। दूसरे पक्ष के लोग थाने नहीं आए हैं। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है।
गांव पसियाखेड़ा निवासी मुकीम ने पुलिस को बताया कि सोमवार सुबह साढ़े सात बजे वह मां बानो बेगम, तहेरे भाई सुहेल, हबीब खां, भाई नदीम खां, अय्यूब खां, मुन्ना खां आदि के साथ बाग में टिन शेड की मरम्मत करा रहे थे। तभी फारूख खां, मारूफ खां, रियाज खां, फिरोज खां, शब्बन खां, दानिश खां, तसलीम आदि आए और मरम्मत करने से रोकते हुए गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर लाठी-डंडों से पीटने लगे।
मारूफ और फिरोज ने गोली मारने को कहा तो फारुख ने फायर कर दिया। दाहिने हाथ में गोली लगने से उनकी मां बानो बेगम घायल हो गई। पिटाई से उनके ताऊ हबीब खां, तहेरे भाई सुहेल को गंभीर चोटे आई हैं। शोर मचाने और मोबाइल से वीडियो बनाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए।
आरोपियों के चले जाने के बाद परिवार के लोग घायलों को थाने लाए और तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घायलों को पुवायां सीएचसी भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर दूसरे पक्ष से फैयाज खां ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि गांव के ही सगीर, हबीब, मुकीम, हसीम उसकी जगह पर टीनशेड डालकर कब्जा कर रहे थे।
विरोध करने पर उक्त लोगों ने एकराय होकर हमला कर दिया। सिर पर वार करने से वह घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।