भावलखेड़ा। थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के गांव शाहबाजपुर में निकास को लेकर हुए विवाद में दबंगों ने घर में घुसकर किसान के परिवार को बेरहमी से पीट दिया। इसके बाद दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की। मारपीट में नौ लोग घायल हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज भिजवाया है। मामले में सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के गांव शाहबाजपुर निवासी रामनिवास बृहस्पतिवार को दोपहर अपना ट्रैक्टर खेत में लेकर जा रहे थे। तभी रास्ते में गांव के रामनारायण ने अपने घर के आगे मौरंग की बोरियां और बल्ली रखी हुई थी। जब रामनिवास ने उन्हें हटाने के लिए कहा तो रामनारायण गाली गलौज करने लगा। देखते ही देखते रामनारायण पक्ष के कई लोग मौके पर आ गए। उन्होंने रामनिवास के साथ मारपीट करना शुरू कर दी। रामनिवास बचकर घर की तरफ भागे तो सभी घर के अंदर घुस गए और लाठी-डंडों व नाजायज असलहों के बट से पूरे परिवार को बेरहमी से पीटा। गांव वाले जब बचाने आए तो आरोपियों ने फायरिंग कर दी। मारपीट में अंकित, कमलेश देवी पत्नी रामनिवास, भाईलाल, बबिता देवी पत्नी जगन्नाथ, गुड्डी देवी पत्नी रामसरन सपना पुत्री रामनिवास, अजय कुमार व रघुवीर प्रसाद घायल हो गए। सूचना पर थाना राम चंद्र मिशन पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। पुलिस ने सभी घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज भिजवाया। प्रभारी निरीक्षक थाना रामचंद्र मिशन दीपक शुक्ला ने बताया कि मामले में रामनारायन, अवध बिहारी, जितेंद्र, बृजेश, राजकमल, गंगा देवी, अटल बिहारी के खिलाफ बलवा और जानलेवा हमले की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।