कलान। पुरानी रंजिश में क्षेत्र के गांव अजीत नगला और रसूलपुर के दो गुटों में सोमवार की रात फिर फायरिंग हुई, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस ने शक के आधार पर एक गुट के दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। दोनों पक्षों के खिलाफ पुलिस शांति भंग की कार्रवाई कर रही है।
17 अगस्त 2022 को रसूलपुर निवासी सतीश यादव की लाठियों से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई थी। इसी वारदात से उपजी रंजिश में गांव अजीत नगला निवासी अमर पाल यादव और रसूलपुर के कालीचरण यादव में एक-दूसरे की जान लेने के लिए कई बार मारपीट और फायरिंग आदि की घटनाएं हो चुकी हैं। सोमवार की रात अमर पाल यादव पर उस वक्त फायरिंग की गई, जब वह खेत में फसल की रखवाली कर रहे थे।
खेत में ही उन्हें दूसरे पक्ष के लोगों ने घेर लिया और दोनों तरफ से फायरिंग होने लगी। गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर जांच करने के बाद दबिश देकर कालीचरण पक्ष के चंद्रपाल और विपिन को शक के आधार पर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि रात में किसी पक्ष की ओर से फायरिंग नहीं हुई, लेकिन दोनों पक्ष अपना पलड़ा भारी रखने के लिए गांव का माहौल बिगाड़ रहे हैं।
थानाध्यक्ष प्रभाष चंद्र ने बताया कि पुलिस को फायरिंग की झूठी सूचना दी गई है। इसलिए एक पक्ष के दो लोगों को हिरासत में लेने के बाद दूसरे पक्ष के लोगों की तलाश की जा रही है और दोनों पक्षों पर शांति भंग की आशंका में कार्रवाई की जाएगी।