शाहजहांपुर। चौक कोतवाली इलाके के मोहल्ला अजीजगंज में निवर्तमान सभासद के घर सिलिंडर लीक होने से लगी आग में घरेलू सामान जल गया। फायर ब्रिगेड पहुंचने से पहले मोहल्ले वासियों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया।
चौक कोतवाली इलाके के मोहल्ला अजीजगंज निवासी संजय कुमार निवर्तमान सभासद हैं। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे सिलिंडर में गैस खत्म हो गई। उनकी बेटी ने दूसरा गैस सिलिंडर लगा लिया था। जैसे ही गैस चूल्हा जलाया। अचानक सिलिंडर से आग निकलने लगी। देखते देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग रसोई घर से होती हुई कमरों में पहुंच गई। कमरों में रखे रजाई गद्दे धू-धू कर जलने लगे। घर वाले भागकर मकान से बाहर निकल आए। मोहल्ले वासियों ने पानी व रेत डालकर करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया। सूचना पर फायर ब्रिगेड कर्मियों ने भी मौका मुआयना किया। संजय कुमार का आरोप है कि गैस सिलिंडर में रबड़ न होने के चलते आग लगी थी। वह गैस एजेंसी संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराएंगे।