तिलहर के गांव बड़ा रमापुर में घर पर लगी आग से जले सामान को देखते लोग। संवाद
तिलहर। खाना बनाते समय सिलिंडर में आग लगने से घरेलू सामान जल गया। ग्रामीणों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना पर लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर अपनी रिपोर्ट प्रशासन को भेज दी है।
गांव बड़ा रामापुर निवासी ड्राइवर पूरन मौर्य के घर पर सुबह आठ बजे उसकी पत्नी गुड्डी खाना बना रहीं थीं। गृहस्वामी पूरन घर के बाहर कुछ काम कर रहा था। दोनों बच्चे नितिन और रश्मि स्कूल जा चुके थे। अचानक पाइप लाइन में आग लग गई। आग बाइक तक पहुंच गई और पेट्रोल टंकी में लग गई। पूरन और उसकी पत्नी गुड्डी चीखते-चिल्लाते घर से बाहर भागे। ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और उन लोगों ने आग बुझाना शुरू किया।
पूरन ने बताया कि आग लगने से बाइक, फ्रीज, टीवी, कपड़े, संदूक में रखे आठ हजार रुपये आदि जल गए हैं। सूचना पर थाना कटरा पुलिस और लेखपाल अनुराग मिश्रा मौके पर पहुंचे। उन्होंने नुकसान का जायजा लेते हुए अपनी रिपोर्ट प्रशासन को भेज दी है। पूरन ने तहसील प्रशासन से राहत दिलाने की मांग की है। प्रभारी तहसीलदार जगत मोहन जोशी ने बताया कि रिपोर्ट प्रशासन को भेज दी जाएगी।