भावलखेड़ा। लालबाग चौढेरा में शराब की दुकान पर मुफ्त शराब मांगे जाने के बाद हुए विवाद में आरसी मिशन पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर संतोष सिंह समेत उसके दो नामजद और एक अज्ञात साथी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
चौक कोतवाली इलाके के मोहल्ला कूंचा लाला निवासी सोनू यादव ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि लालबाग चौढेरा में उनकी शराब की दुकान है। नौ अगस्त को शाम करीब छह बजे गांव रौसर कोठी निवासी हिस्ट्रीशीटर संतोष सिंह और उसके तीन अन्य साथी दुकान पर आए और बिना रुपये दिए शराब और बीयर मांगने लगे। संतोष ने दुकान को आग लगाने की धमकी दी। सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि मामले में संतोष सिंह, आकाश कनौजिया, आशीष सिंह समेत एक अज्ञात के खिलाफ रंगदारी, गाली गलौज और जान से मारने की धमकी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है। वहीं, संतोष सिंह ने सेल्समैन पर ओवररेट का आरोप लगाया है। संवाद