विकास भवन सभागार में बैठक करते वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना। स्रोत: प्रशासन
शाहजहांपुर। प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिले की सड़क निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में सामने आया कि जिले की 18 सड़कों पर अब तक हॉटमिक्स का कार्य शुरू नहीं हो सका है, जबकि चार सीसी रोड का निर्माण भी लंबित है। इस पर वित्त मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से सभी कार्य तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए।
वित्त मंत्री ने कहा कि जनता से जुड़े विकास कार्यों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि वाजिद अली तिराहे से जामा मस्जिद तक सड़क निर्माण का कार्य अगले सप्ताह से शुरू होगा। इस पर मंत्री ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।
डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सभी लंबित परियोजनाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है। उन्होंने जलकल विभाग को सड़क निर्माण के दौरान पाइपलाइन लीकेज पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी सहित लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने सड़क एवं विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। वित्त मंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय बढ़ाकर निर्माण कार्यों में तेजी लाने और आम जनता को बेहतर व सुरक्षित सड़क सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।