ग्रीन रोड के लिए भूमि पूजन करते वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना। स्रोत : नगर निगम
शाहजहांपुर। नगर निगम की ओर से सीएम-ग्रिडस् फेज-02 योजना के तहत सदर थाना चौराहे से नगर निगम कार्यालय, तिलक पार्क, लाल इमली चौराहा, हॉकी क्लब, कवि तिराहा होते हुए बाबा विश्वनाथ मंदिर तक ग्रीन रोड बनाई जाएगी। शनिवार को वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने टाउन हॉल स्थित शहीद द्वार पर भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
शहर के मोहनगंज में शहीद अहमद उल्ला शाह पार्क से लिबास टेलर्स की दुकान तक 400 मीटर ग्रीन रोड का निर्माण कार्य चल रहा है। यातायात को सुगम बनाने के लिए अर्बन रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट एजेंसी की ओर से संचालित सीएम-ग्रिडस् फेज-02 के तहत दूसरी ग्रीन रोड का निर्माण कराया जाएगा।
अपर नगर आयुक्त एसके सिंह ने बताया कि इस सड़क की लंबाई 1.07 किमी व लागत 14 करोड़ 22 लाख 38 हजार रुपये है। इस सड़क के ऊपर से गुजरने वालीं विद्युत लाइनों को भूमिगत किया जाएगा। इसके अलावा सीवर-वाटर लाइन का कार्य, फुटपॉथ का निर्माण, स्ट्रीट लाइट, कैरिज-वे का सुदृढ़ीकरण व अन्य विविध कार्यों को कराया जाएगा।
निर्माण कार्य की समय सीमा 24 अक्तूबर 2026 है। वित्त मंत्री ने गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध कार्य कराने के निर्देश दिए। इस दौरान कार्यकारिणी समिति के उप-सभापति वेद प्रकाश मौर्य, नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र आदि मौजूद रहे। संवाद