संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। विजय कौशल महाराज के सानिध्य में 28 नवंबर से छह दिसंबर तक होने वाली श्रीराम कथा के कार्यालय का बुधवार को सेठ इनक्लेव स्थित एक्सिस बैंक बिल्डिंग में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने पूजन के बाद उद्घाटन किया।
इस मौके पर वित्त मंत्री ने कहा कि श्रीराम कथा समाज में संस्कार, मर्यादा, सद्भाव और सेवा की भावना को मजबूत करती है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सभी से सहभागिता की अपील की। जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष डीपीएस राठौर ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन आदर्श परिवार, सामाजिक समरसता और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है। मंगलमय परिवार के सदस्य असित पाठक ने आयोजन समिति के सदस्यों और कार्यकर्ताओं को कथा से संबंधित सामग्री वितरित कर जिम्मेदारियां सौंपीं।
इस दौरान गोविंद मिश्र, डॉ. विजय पाठक, भानु प्रताप सिंह, मुनेश्वर सिंह, अजय कुमार प्रजापति, मनोज तिवारी, विवेक द्विवेदी, पिंटू तिवारी, सोनिया राठौर, प्रज्ञा पाठक, नलिनी ओमर, कुसुम शर्मा, ममता सिंह, आकाश तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।