न्यू सेटेलाइट बस अड्डा का निरीक्षण करते वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना। स्रोत: सूचना विभाग
- फोटो : Archive
शाहजहांपुर। शहर के बहुप्रतीक्षित न्यू सेटेलाइट बस अड्डे के लोकार्पण से पहले प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शनिवार को मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान डीएम भी उनके साथ मौजूद रहे। वित्त मंत्री ने बस अड्डे के निर्माण कार्य, यात्री सुविधाओं, पार्किंग व्यवस्था, प्रतीक्षालय, शौचालय और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से अवलोकन किया।
उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयसीमा को लेकर जानकारी ली। मंत्री ने कहा कि बस अड्डा शहर के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना है। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और यातायात व्यवस्था भी सुगम होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि शेष छोटे-मोटे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा कराया जाए, ताकि लोकार्पण में कोई बाधा न आए। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि समय से अधूरे कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। संवाद