सेहरामऊ दक्षिणी के कुतुआपुर में रोते-बिलखते हर्षित के परिजन। संवाद
सेहरामऊ दक्षिणी। कुतुआपुर गांव निवासी महेश चंद्र मिश्रा के 29 वर्षीय पुत्र हर्षित का शव मंगलवार सुबह घर के बाहर पालतू पशुओं के बाड़े में बल्ली में बंधी रस्सी से फंदे से लटका मिला। वह फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था और सात जुलाई को शादी होनी थी। पुलिस ने उसका मोबाइल चेक किया, जिसमें आत्मघाती कदम उठाने की वजह नहीं मिली।
खेतीबाड़ी करने वाले महेश चंद्र का पुत्र हर्षित एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था। परिजनों ने उसका विवाह भी तय कर दिया था। पांच जुलाई को तिलक और सात को बरात जानी थी, जिसके लिए तैयारियां शुरू हो गईं थी। महेश चंद्र के अनुसार, सोमवार की देर शाम बेटे ने परिजनों के साथ बैठकर खाना खाया और फिर परिवार सहित मकान की छत पर जाकर सो गए।
मंगलवार को सुबह करीब 4:30 बजे उनकी आंख खुलने पर वह दुधारू पशुओं को रोजाना की तरह चारा डालने पशु बाड़े में पहुंचे तो वहां हर्षित को बल्ली में फंदे से लटका देख उनकी चीख निकल गई। उनकी चीख सुनकर परिजनों के अलावा आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। जवान बेटे की मौत से परिवार में मातम छा गया। पिता, मां अनीता देवी, छोटे भाई विशाल की आंखों से आंसू नहीं थम रहे थे।
सीओ सदर शुभम वर्मा के अनुसार, युवक के फंदे से लटक कर आत्महत्या कर लेने के मामले में परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है और रंजिश से होने से भी इन्कार किया है।
शादी के लिए दिए थे परिजनों को रुपये
शादी तय होने के बाद हर्षित काफी खुश था। शादी को लेकर सब कुछ ठीक था। ससुराल पक्ष से बातचीत भी होती थी। बताते हैं कि हर्षित ने अपने बैंक खाते में जमा धनराशि एक दिन पहले ही निकालकर माता-पिता को दे दी थी। साथ ही शादी को धूमधाम से करने के लिए कहा था।
सेहरामऊ दक्षिणी के कुतुआपुर में रोते-बिलखते हर्षित के परिजन। संवाद