भावलखेड़ा। थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के ग्राम दिलावरपुर भटकल में क्रिकेट मैच के दौरान खिलाड़ियों के बीच किसी बात को लेकर मारपीट हो गई। इसमें एक युवक घायल हो गया। मामले में तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। ग्राम दिलावरपुर भटकल निवासी दीपक सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह गांव के मैदान में क्रिकेट खेल रहा था। तभी साथी खिलाड़ियों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि गाली-गलौज का विरोध करने पर उसकी लात-घूसों से पिटाई लगा दी। बाद में ईंट से सिर पर वार किया। मामले में पुलिस ने अनिकेत, अंकित, जाबिंदर समस्त निवासी ग्राम दिलावरपुर भटकल थाना रामचंद्र मिशन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। घायल को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।