परौर। रामगंगा में पानी बढ़ने के साथ क्षेत्र के मोहनपुर, नारायणनगर पश्चिमी और मंझा के पास कृषि याेग्य उपजाऊ जमीनें फिर कटने लगी हैं। बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार बरेली के चौबारी घाट पर रामगंगा का जलस्तर पांच सेमी कम हुआ है, लेकिन बैराजों से एक दिन पहले निकला पानी यहां पहुंचने से नदी उफनाकर गांवों की तरफ बढ़ रही है। एक दशक पहले रामगंगा से कटान के कारण नारायणनगर पूर्वी गांव पूरी तरह कट गया था। इसलिए भूमि कटान शुरू हो जाने से ग्रामीण घबराए हुए हैं। रामगंगा में पानी ज्यादा बढ़ा तो बिचपुरी गांव भी कटान की चपेट में आ जाएगा। कटान रोकने को मोहनपुर के पास पास लगाई गईं जिओ ट्यूब की ठोकरें अवधि पूरी हो जाने से फट चुकी हैं। गत माह बाढ़ के दौरान एक जिओ ट्यूब अपने स्थान से खिसक चुका है। इन गांवों के राजीव सिंह चौहान, सीताराम कश्यप, मदन पाल सिंह, परशुराम कश्यप, सुआ लाल आदि ने कटान रोकने को ठोकरों की मरम्मत जल्द कराए जाने की मांग की है। संवाद