अल्हागंज में हादसे में क्षतिग्रस्त रोडवेज बस। स्रोत: पुलिस
- फोटो : Archive
अल्हागंज (शाहजहांपुर)। हुल्लापुर और रामगंगा मोड़ के बीच मऊ मोड़ के पास अनुबंधित बस से ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर लग गई। हादसे में लखीमपुर खीरी जिले के थाना मैलानी क्षेत्र के गांव जटपुरा निवासी ट्रैक्टर पर सवार महिला कांवड़िया विजयपाल की पत्नी मंजू देवी (35) की मौत हो गई। जबकि 12 कांवड़िये घायल हो गए। एक की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
रविवार सुबह लखीमपुर खीरी जिले के थाना मैलानी क्षेत्र के गांव जटपुरा से कांवड़ियों का जत्था ट्रैक्टर-ट्रॉली से फर्रुखाबाद के पांचाल घाट से गंगाजल भरने के लिए जा रहा था। अल्हागंज में मऊ मोड़ पर पैदल जा रहे कांवड़िये को बचाने के फेर में अनुबंधित बस की कांवड़ियों के ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर लग गई।
इससे ट्रॉली पर सवार मंजू देवी (35), श्रीकृष्ण (70), गुड्डी देवी (40), पूनम (20), नीमा देवी (20), करुणेश (01), निर्मला देवी (45), मीना देवी (35), यश कुमार (8), फूलमती (50) और कृष्णा (7) आदि घायल हो गए। साथ ही अनुबंधित बस में सवार जलालाबाद के गांव सुरपुर निवासी सोनपाल की पत्नी जमुना देवी (28) चंद्रकांत की बेटी सपना देवी घायल हो गईं।
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी को फर्रुखाबाद की राजेपुर सीएचसी भेजा। वहां उपचार के दौरान मंजू देवी की मौत हो गई। सीएचसी के चिकित्सक डॉ. प्रमित राजपूत ने घायलों को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया है। गुड्डी देवी की हालत चिंताजनक बनी हुई है। सीओ जलालाबाद दीपक कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त होने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।