शाहजहांपुर। शहर के मोहल्ला अजीजगंज में क्लीनिक में मरीज देख रहीं महिला चिकित्सक पर एक व्यक्ति ने हमला कर दिया। अभद्रता करते हुए धमकी दी। जब पीड़ित महिला ने आरोपी के बेटे से शिकायत की तो वह भी अभ्रदता करने लगा। तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चौक कोतवाली क्षेत्र की साउथ सिटी कॉलोनी निवासी डॉ. अंकिता वर्मा का अजीजगंज मोहल्ले में क्लीनिक है। 15 अक्तूबर को दोपहर सवा दो बजे अपने क्लीनिक में मरीज देख रहीं थीं। तभी मोहल्ला कच्चा कटरा निवासी दवा कारोबारी लक्ष्मण प्रसाद उनके चैंबर में घुस आया। उसने कहा कि वह उसके ब्रांड की दवा क्यों नहीं लिख रहीं हैं। विरोध पर लक्ष्मण भड़क गया। आरोप है कि अभद्रता करते हुए देख लेने की धमकी दी। रोकने का प्रयास करने पर हमलावर हो गया। शोर सुनकर स्टाफ ने आकर बचाया। डॉ. अंकिता ने बताया कि आरोपी का बेटा राधेमोहन पूर्व से परिचित है। जब उन्होंने उससे शिकायत की तो बेटे ने भी अभद्र भाषा का प्रयोग कर धमकी दी। पुलिस ने लक्ष्मण और राधेमोहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।