मोहल्ला गदियान चुंगी के पास सड़क की मरम्मत का किया गया कार्य। स्रोत: जागरूक पाठक
शाहजहांपुर। कई बार जुर्माना लगने और सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद अमृत योजना के तहत शहर में पाइप लाइन डालने का काम कर रही फर्म ओम इंफ्रा ने मरम्मत कार्य में तेजी दिखाई है।
जल निगम की ओर से फर्म को डिबार करने और जमानत राशि जब्त करने की बात कही गई है। माना जा रहा है कि कार्रवाई के डर से मरम्मत का काम तेजी से किया जा रहा है। नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक मरम्मत का कार्य करीब 50 प्रतिशत हो गया है। फर्म के कर्मचारी दिन-रात सड़कों की मरम्मत करने और पाइप लाइन डालने का काम कर रहे हैं।
शहर के गदियाचुंगी क्षेत्र में सभी गलियों को ठीक कर दिया गया है। जल निगम एक्सईएन मोहम्मद अयाज ने बताया कि पहले फर्म पर दो बार जुर्माना लगाया गया। अब शासन को जमानत राशि और फर्म को एक वर्ष के लिए डिबार करने की बात लिखी है। इसके बाद से फर्म ने काम तेजी से शुरू कर दिया है। लगातार काम की निगरानी की जा रही है। संवाद