कांट में बिजली की लाइन को ठीक करते कर्मचारी। स्रोत: बिजली निगम
कांट। पैना से आने वाली 33 केवी लाइन में पांच इंसुलेटर पंक्चर हाेने से रविवार की आधी रात 12 मोहल्लों के करीब पांच हजार उपभोक्ताओं को दुश्वारियों से जूझना पड़ा। इसके चलते दस घंटे तक बिजली नहीं आई। सुबह पानी का संकट भी खड़ा हो गया।
रविवार को हाईवे चौड़ीकरण की वजह से लाइन शिफ्ट करने के लिए अभायन तिराहे से महुआ तिराहे तक कार्य कराया गया। इसके लिए सुबह छह से दोपहर एक बजे तक बिजली गुल रही। इसके बाद रात करीब दो बजे लाइन ट्रिप हो गई। बिजली जाने से लोग गर्मी में बेहाल हो गए। सुबह बिजली गुल रहने से सबमर्सिबल व मोटर नहीं चले। इससे पानी का संकट भी खड़ा हो गया। उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र पर कॉल करने शुरू किए। अवर अभियंता शिवशरण के नेतृत्व में टीम ने लाइन पर गश्त शुरू की। उन्हें पांच स्थानों पर इंसुलेटर पंक्चर मिले। करीब 12 बजे लोगों को बिजली की आपूर्ति मिल सकी।
ये मोहल्ले हुए प्रभावित
-लाइन में फॉल्ट आने से न्यू फीडर के मोहल्ला तकिया, मरहा तालाब पट्टी पश्चिम, पट्टी पूर्वी, सैयदबाड़ा, शेखान, नबीपुर, कमलनैनपुर, प्रहलादपुर, जहांगीरपुर, यारपुर आदि की बिजली आपूर्ति बाधित रही।