शाहजहांपुर। बदायूं के उसावां से कलान के लिए आने वाली 33 केवीए लाइन में पटना देवकली के पास फॉल्ट आने से करीब 15 हजार उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। करीब ढाई घंटे तक लोग बिजली के लिए तरसते रहे। दूसरी ओर शहर में कांवड़ यात्रा के दौरान करीब तीन घंटे बिजली ठप रही।
शनिवार की रात करीब साढ़े नौ बजे फॉल्ट आने के बाद कलान की बिजली गुल हो गई। भीषण गर्मी में बिजली जाने से लोग बेहाल हो उठे। कर्मचारियों ने लाइन पर गश्त शुरू की। कर्मियों को पटना देवकली के पास रात में 12 बजे फॉल्ट मिला। जिसे सही कर आपूर्ति को बहाल कर दिया गया। इस दौरान लोगों को उमस भरी गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ा।
उधर, कांवड़ यात्रा को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से ककरा उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति रात आठ बजे बंद कर दी गई। इसके चलते आनंदपुरम, अलीजई, हद्दफ फीडर समेत कई इलाकों में बिजली गुल रही। अचानक आपूर्ति बंद होने से लोगों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। खासकर घरेलू कामकाज के साथ दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को परेशानी हुई।
अधीक्षण अभियंता अनुज प्रताप सिंह ने बताया कि कलान में फॉल्ट को तलाश कर आपूर्ति बहाल कर दी गई थी। कांवड़ यात्रा के निकलने पर सुरक्षा की दृष्टि से बिजली बंद करने के निर्देश हैं।
बिजली के खंभों पर बांधी पॉलिथीन
सेहरामऊ दक्षिणी। बारिश के मौसम में बिजली के खंभों में करंट उतरने से होने वाले हादसों से बचाव के लिए जय बाबा कालसेन चैरिटेबल ट्रस्ट ने पहल की है। इसके तहत बिजली के खंभों पर पॉलिथीन बांधने के अभियान का शुभारंभ विधायक अरविंद सिंह के भाई विमल सिंह ने किया। ट्रस्ट के अध्यक्ष सुनील तिवारी, पूर्व शिक्षक एमएलसी संजय मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य शशि बिंद सिंह, राकेश तिवारी आदि मौजूद रहे। ट्रस्ट के सदस्यों ने बाबा कालसेन मंदिर परिसर में 101 फुट लंबा त्रिशूल स्थापित कराने की मांग को लेकर ज्ञापन भी दिया। संवाद