शाहजहांपुर/तिलहर। तिलहर थाना क्षेत्र के मरक्का गांव में बृहस्पतिवार को अपने पिता श्यामपाल व दादी भाग्यवती की गोली मारकर हत्या करने वाले मोहित को अपने किए पर बिल्कुल भी पछतावा नहीं है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उसने पुलिस को बताया कि उसकी परवरिश भी पिता ने ठीक से नहीं की। वहीं दूसरी ओर उसकी मां सदावती की गिरफ्तारी के लिए एसओजी व सर्विलांस सेल समेत चार टीमों को लगाया गया है। बृहस्पतिवार सुबह पौने छह बजे खेत की बिक्री के रुपये न देने पर मोहित ने अपनी दादी भगवंता देवी को गोली मार दी। इसके बाद श्यामपाल के सीने पर गोली चला दी थी। दोनों की मौके पर मौत होने के बाद गांव के व्यक्ति की बाइक लेकर वह अपनी मां सदावती के साथ भाग गया था। पुलिस ने खुदागंज से उसे गिरफ्तार कर लिया था। इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने आरोपी मोहित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा व कारतूस,एक खोखा व बाइक बरामद कर ली। उसे अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। मोहित को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उससे गहनता से पूछताछ की। उसने पुलिस को बताया कि उसके पिता सारी जमीन बेच दे रहे थे। उसकी मां को भी कुछ नहीं दिया। जमीन की बिक्री का रुपया भी उसे नहीं मिला। उसे अपने किए पर जरा-भी पछतावा नहीं था।
सदावती की गिरफ्तारी को पुलिस ने की छापेमारी
मोहित की मां सदावती के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास शुरू करते हुए कई जगह पर दबिश दी है। सीओ तिलहर प्रयांग जैन ने बताया कि आरोपी महिला को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सर्विलांस सेल, एसओजी व थाने की टीमें गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही हैं।