तिलहर दातागंज स्टेट हाइवे पर जैतीपुर में सड़क किनारे पलटी कार से घायलों को बाहर निकालते ग्रामीण
जैतीपुर। तिलहर-दातागंज स्टेट हाईवे पर बृहस्पतिवार पूर्वाह्न 11 बजे खेड़ा बझेड़ा गांव के पास भिटारा मोड़ पर ट्रक और ऑल्टो कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद दोनों वाहन सड़क से करीब 10 फुट नीचे खाई में पलट गए। कार सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
ट्रक चालक विपिन के अनुसार, वह दिल्ली से मक्के का आटा लेकर शाहजहांपुर जा रहा था। भिटारा गांव की सड़क से करीब सौ मीटर पहले जैतीपुर की ओर से आ रही ऑल्टो कार से उसकी टक्कर हो गई। आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों ने कार का शीशा तोड़कर घायलों को बाहर निकाला।
घायलों की पहचान कीरतपुर बिहारी निवासी संदीप और उनके पिता हरपेज सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी भेजा, जहां से हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें बरेली ले गए। ट्रक चालक और परिचालक सुरक्षित हैं। सीओ विदुष सक्सेना ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए भेजा गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।