शाहजहांपुर में कलक्ट्रेट में ज्ञापन देते भाकियू के पदाधिकारी। संवाद
शाहजहांपुर। धान की सरकारी क्रय केंद्रों पर खरीद कराने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। डीएम-एडीएम के नहीं मिलने पर भड़के किसानाें ने कलक्ट्रेट में जमकर नारेबाजी की।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अजीत सिंह के नेतृत्व में किसान जीआईसी खेल मैदान पर एकत्र हुए। यहां से जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट की ओर कूच किया। कलक्ट्रेट पहुंचने पर डीएम या एडीएम के मौजूद नहीं मिलने पर किसान भड़क गए और नारेबाजी शुरू कर दी।
किसानों ने कहा कि उनकी मांगों को लेकर ज्ञापन लेने के लिए कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं आया तो वह कलक्ट्रेट परिसर में ही डेरा डाल देंगे। इससे मौके पर कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बन गई। किसानों के धरना देने पर एडीएम प्रशासन रजनीश मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर ज्ञापन लिया।
इसमें सभी किसानों का धान सरकारी क्रय केंद्रों पर खरीद कराने, धान कटाई मशीन में एसएमएस लगाने से रोकने, पराली जलाने पर प्रतिबंध नहीं लगाने, किसानों का बकाया भुगतान करने और गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने की मांग की गई। प्रदर्शन में अनिल सिंह यादव, विजेश्वर यादव, संजीव अवस्थी, श्रीकृष्ण, रंजीत सिंह, तरविंदर सिंह, जरनैल सिंह आदि शामिल रहे।