शाहजहांपुर। सहकारिता (स्वतंत्र प्रभार) मंत्री जेपीएस राठौर ने मंगलवार को जिला सहकारी बैंक लिमिटेड के मुख्यालय स्थित अटल सभागार में बैंक और सहकारिता विभाग के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बैंक की वित्तीय स्थिति मजबूत करने, किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने, एनपीए कम करने और पैक्स (प्राथमिक कृषि साख समितियों) के कंप्यूटराइजेशन में तेजी लाने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में मंत्री ने बैंक की वित्तीय प्रगति, अल्पकालीन एवं दीर्घकालीन ऋण वितरण और ऋण वसूली की बिंदुवार जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद, बीज और कृषि कार्यों के लिए अल्पकालीन ऋण तथा कृषि यंत्र और आधारभूत ढांचे के विकास के लिए दीर्घकालीन ऋण समय से उपलब्ध कराया जाए। ऋण वितरण के साथ-साथ उसकी वसूली भी निर्धारित लक्ष्य के अनुसार सुनिश्चित की जाए, ताकि बैंक की वित्तीय स्थिति मजबूत हो और एनपीए में कमी आए।
मंत्री ने पैक्स के कंप्यूटराइजेशन की समीक्षा करते हुए कहा कि सहकारिता क्षेत्र में पारदर्शिता और किसानों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने के लिए यह कार्य बेहद महत्वपूर्ण है। सभी समितियों का कंप्यूटराइजेशन प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसान हित से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी तय समय सीमा में लक्ष्यों को पूरा करें।
बैठक में जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष डीपी सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, एआर कोऑपरेटिव डॉ. गणेश गुप्ता, महाप्रबंधक सौरभ द्विवेदी, उपाध्यक्ष अजय कुमार प्रजापति, डीडीएम नाबार्ड प्रवेश गंगवार आदि मौजूद रहे। संवाद